बिहार निवासी युवक ने फांसी का फंदा लगाकर की आत्महत्या, पुलिस ने शव का करवाया पोस्टमार्टम
सरदारशहर। मुन्नालाल राव
वार्ड 11 में स्थित एक लकड़ी के नोहरे में सोमवार सुबह जब एक बिहार निवासी 35 वर्षीय व्यक्ति को फांसी के फंदे से लटके हुए लोगों ने देखा तो आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जिस पर हेड कॉन्स्टेबल विजेंद्रसिंह मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की सहायता से मृतक के शव को फांसी के फंदे से नीचे उतरवाया। मोहल्ले वासियों ने बताया कि बिहार निवासी 35 वर्षीय राजेश अपनी पत्नी व बच्चे के साथ सरदारशहर में झुग्गी बनाकर रहता है और यहां पर मजदूरी का कार्य करता था। राजेश स्थानीय वार्ड 11 स्थित हुलास खाती के नोहरे में मजदूरी का कार्य कर रहा था जिसकी पिछले तीन-चार दिनों से दिमागी हालत सही नहीं बताई जा रही है। रविवार और सोमवार की मध्य रात्रि को किसी अज्ञात समय बिहार निवासी 35 वर्षीय युवक ने नोहरे में ही फांसी का फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली । फांसी लगाने की सूचना पर युवक की पत्नी भी मौके पर पहुंची और रो-रोकर बेसुध हो गई। युवक के शव को पुलिस ने निजी एंबुलेंस की सहायता से राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। परिजनों के अस्पताल पहुंचने पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया । बहरहाल परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ