महिला आयोग अध्यक्ष रेहाना रियाज ने सुने अभाव अभियोग, कहा- प्रत्येक प्रकरण को पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ किया जाएगा निस्तारित
चूरू, । राजस्थान राज्य महिला आयोग अध्यक्ष रेहाना रियाज ने बुधवार को सर्किट हाऊस में लोगों से मुलाकात कर उनके अभाव अभियोग सुने और उनके समुचित निराकरण का भरोसा दिलाया।
इस मौके पर आमजन ने महिला उत्पीड़न के प्रकरणों से जुड़ी परिवेदनाएं उनको दीं। साथ ही विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं और जरूरतों को लेकर भी महिला आयोग अध्यक्ष से अनुरोध किया। महिला आयोग अध्यक्ष ने तसल्लीपूर्वक लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके निस्तारण का आश्वासन दिया।
इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए रेहाना रियाज ने कहा कि महिला आयोग अध्यक्ष बनने के बाद काफी लोग, विशेषकर महिलाएं अपने प्रकरणों औरसमस्याओं को लेकर मिल रही हैं। उनकी कोशिश रहेगी कि इन प्रकरणों में प्रभावी कार्यवाही हो और लोगों को समयबद्ध ढंग से न्याय मिले। उन्होंने कहा कि विलंब से हुआ न्याय भी एक प्रकार से अन्याय ही है। इसलिए उनकी कोशिश रहेगी कि पीड़ितों को समय से न्याय मिले। उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है, उस पर खरा उतरने की कोशिश करेंगी और अच्छा काम करने की कोशिश करेंगी। उन्होंने कहा कि पिछले तीन साल में महिला उत्पीड़न से जुड़े प्रकरणों का विवरण लिया जा रहा है। प्रत्येक प्रकरण को बहुत ही संवेदनशीलता के साथ देखा जाएगा।
महिला आयोग अध्यक्ष ने कहा कि आज जमाना शिक्षा का है। महिलाएं प्रत्येक क्षेत्र में अपना मुकाम बना रही हैं, ऎसे में जरूरत इस बात की है कि वे अपने अधिकारों के प्रति भी जागरुक हों और किसी भी प्रकार के अत्याचार व हिंसा के खिलाफ मुखर होकर आवाज उठाएं। उन्होंने कहा कि महिला उत्पीड़न से जुड़े प्रकरणों की सुनवाई के लिए आयोग हमेशा तत्पर है। उन्होंने कहा कि आयोग में नियमित जन सुनवाई के अलावा वे राज्य के विभिन्न जिलों का भ्रमण करेंगी और महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों की समीक्षा करेंगी।
रियाज ने कहा कि यूक्रेन में फंसे बच्चों और वहां से आ रहे बच्चों की मदद के लिए सरकार हरसंभव मदद कर रही है। हम सभी चाहते हैं कि सभी लोग वहां से बहुत जल्दी सुरक्षित लौट आएं और किसी प्रकार का नुकसान वहां नहीं हो। हमारे लिए प्रत्येक व्यक्ति महत्त्वपूर्ण है। रियाज ने कहा कि चूरू से उनका काफी जुड़ाव रहा है और यहां के लोगों ने उन्हें बहुत स्नेह और सम्मान दिया है। इसलिए वे चूरू के लोगों की आशाओं पर खरा उतरने की कोशिश करेंगी।
इस दौरान पूर्व प्रधान रणजीत सातड़ा, राधेश्याम चोटिया, नौरंग वर्मा, जमील चौहान, संतोष मासूम, रामनिवास सहारण, लालचंद सैनी, विकास मील, सीताराम खटीक, सुबोध मासूम, रामदेव बेरवाल, महेश मिश्रा, शराकत अली, सुभाष मेघवाल, दीपिका सोनी, सुनीता बाकोलिया, ज्योति सिंह, पार्षद बाबू खान, पार्षद गिरधारी भांबी, इमरान खोखर, इकबाल रुकनखानी, मुबारिक भाटी, हीरालाल शास्त्री, दिनेश लाटा, विश्वनाथ सैनी, रामेश्वर लाल कस्वां, दिनेश लाटा आदि मौजूद थे।

एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ