Type Here to Get Search Results !

नवजीवन योजना में जागरुकता के लिए होगी मैराथन और खेल गतिविधियां

 


जिला कलक्टर सिद्धार्थ सिहाग ने नवजीवन योजना अंतर्गत ली बैठक, कहा- सरकार की मंशा के अनुसार संबंधित परिवारों  को मिले योजना का लाभ

चूरू। अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, विक्रय में लिप्त समुदायों एवं परिवारों के सामाजिक, शैक्षणिक व आर्थिक विकास एवं पुनर्वास के लिए शुरू की गई नवजीवन योजना में ऎसे परिवारों की जागरुकता के लिए मैराथन सहित विभिन्न स्पोर्ट्स एक्टीविटी की जाएंगी। 


मंगलवार को जिला कलक्टर सिद्धार्थ सिहाग की अध्यक्षता में आयोजित नवजीवन योजना की कार्यकारी समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में योजना से जुड़े विभिन्न मसलों पर विचार-विमर्श करते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि जागरुकता गतिविधियों का आयोजन प्रभावी ढंग से किया जाए। उन्होंने कहा कि स्व. गुरुशरण छाबड़ा जन जागरुकता अभियान अंतर्गत प्रस्तावित गतिविधियों में काउंसलिंग, स्वास्थ्य शिविर, ड्रॉप आउट बच्चों के नामांकन, स्पोर्ट्स एक्टीविटी को शामिल करें तथा युवा संबल योजना में बेरोजगारों को जोड़ने के साथ-साथ लोगों को श्रमिक कल्याण योजनाओं का लाभ दिलवाया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा के अनुसार इस योजना का संबंधित परिवारों का समुचित लाभ मिले और उनका ठीक ढंग से पुनर्वास अत्यंत जरूरी है ताकि वे पुनः अवैध शराब के व्यवसाय से नहीं जुड़ें। इस मौके पर जिला कलक्टर सिद्धार्थ सिहाग ने अवैध शराब के व्यवसाय में लिप्त व्यक्तियों के चिन्हित परिवारों के प्रशिक्षण आदि की समीक्षा करते हुए कहा कि इनके रोजगार की स्थिति का आकलन कर इच्छुक अभ्यर्थियों को विभिन्न योजनाओं में नियमानुसार ऋण उपलब्ध करवाने के प्रयास करें। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक अरविंद ओला ने अब तक की गतिविधियों की जानकारी देेते हुए बताया कि जिले में ऎसे 1264 परिवारों में 5431 सदस्य चिन्हित किए गए हैं, जिनमें से 505 को कौशल प्रशिक्षण इच्छित ट्रेड में दिया जा चुका है। 

इस दौरान संबंधित क्षेत्रों में पेयजल, सड़क, जल संरक्षण, पशुधन के लिए पीने के पानी की व्यवस्था, सामुदायिक भवन व विद्यालयी संसाधनों का विस्तार, उप स्वास्थ्य केंद्र भवन का निर्माण आदि गतिविधियों पर भी चर्चा कर निर्देश प्रदान किए गए। बैठक में सीईओ रामनिवास जाट, डीवाईएसपी इंसार अली, सहायक निदेशक (जनसंपर्क) कुमार अजय, एडीईओ योगेश्वर शर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता राजवीर पूनिया, एलडीएम नरेश नागपाल सहित संबंधित अधिकारीगण मौजूद थे।  

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ