Type Here to Get Search Results !

चूरू की धरती शौर्य, सेवा और संस्कृति की मिसाल : सुराणा




जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने गणतंत्र दिवस मुख्य समारोह में फहराया राष्ट्रीय ध्वज, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मन मोहा, विभिन्न विभागों ने किया विभागीय योजनाओं पर आधारित झांकी प्रदर्शन, वीरांगनाओं व उल्लेखनीय कार्य करने वालों का किया सम्मान


चूरू, । जिले में 77 वां गणतंत्र दिवस सोमवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने जिला मुख्यालय पर स्थानीय पुलिस लाईन मैदान में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान पूर्व मंत्री राजेन्द्र राठौड़, विधायक हरलाल सहारण, पुलिस अधीक्षक जय यादव, अतिरिक्त जिला कलक्टर अर्पिता सोनी, सीईओ श्वेता कोचर सहित अधिकारी, जनप्रतिनिधि, कर्मचारी नागरिक, विद्यार्थी मौजूद रहे।  

कार्यक्रम के आरंभ में जिला कलक्टर ने मार्च पास्ट का निरीक्षण कर सलामी ली। अतिरिक्त जिला कलक्टर अर्पिता सोनी ने राज्यपाल के संदेश का पठन किया। समारोह में आरआई मुकुट बिहारी के नेतृत्व में राजस्थान पुलिस, महिला पुलिस, होम गार्ड एवं एनसीसी, स्काउट-गाइड ने मार्च पास्ट किया।
जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा, विधायक हरलाल सहारण, पूर्व मंत्री राजेन्द्र राठौड़, एसपी जय यादव ने जिले में उत्कृष्ट कार्य एवं बेहतर उपलब्धियों पर जिले के 58 अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, खिलाड़ियों एवं नागरिकों को प्रशस्ति -पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने वीरांगनाओं व लोकतंत्र सेनानियों का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया।

इस अवसर पर जिला कलक्टर सुराणा ने संविधान निर्माता डॉ भीमराव अंबेडकर, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पंडित जवाहर लाल नेहरू, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, सरदार वल्लभ भाई पटेल, शहीद भगतसिंह, सुखदेव, अशफाक उल्ला खां सहित तमाम महान स्वतंत्रता सेनानियों और संविधान निर्माताओं को श्रद्धाजंलि देते हुए कहा कि भारत की जनता को संविधान के अंगीकरण के बाद असल आजादी मिली। भारत की जनता के पास उनका स्वयं का संविधान होने से जनकल्याणकारी नीतियां बनीं और राष्ट्र उन्नति पथ पर आगे बढ़ा।
उन्होंने कहा कि चूरू की ऐतिहासिक धरती शौर्य, सेवा और संस्कृति की मिसाल है। देश की आजादी से भी बहुत पहले 26 जनवरी, 1930 को यहां के क्रांतिकारियों ने धर्मस्तूप पर तिरंगा फहराकर उत्कट देशप्रेम और अदम्य साहस का परिचय दिया। मरूस्थल की कठोर परिस्थितियों के बावजूद चूरू के बहादुर सैनिक, कर्मठ किसान और मेहनती नागरिकों ने परिश्रम, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रभक्ति की अद्भुत मिसाल कायम की है।

जिला कलक्टर ने कहा कि आजादी के बाद देश- प्रदेश में हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है और भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में मजबूती से कदम बढ़ा रहा है। वर्ष - 2047 तक देश को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के दूरदर्शी नेतृत्व में राज्य सरकार ने पारदर्शिता, सुशासन और जनकल्याण को केंद्र में रखकर समाज के महिला, युवा, किसान व गरीब चार वर्गों पर केन्द्रित अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। प्रदेश सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल में प्रदेश सहित चूरू जिले में भी बुनियादी ढांचे के विकास, निवेश, उद्यम, रोजगार, शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, ऊर्जा, महिला व सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां दर्ज की हैं।

उन्होंने कहा कि बजट घोषणाएं धरातल पर उतरने से जिले के संस्थागत विकास को बढ़ावा मिला है। राइजिंग राजस्थान इन्वेस्टर मीट में किए गए एमओयू अब धरातल पर उतरकर बेहतरीन अवसरों के लिए बाहें फैला रहे हैं। पंच गौरव कार्यक्रम अंतर्गत लकड़ी उत्पाद, ग्वारपाठा, खेजड़ी, एथलेटिक्स और सालासर के विकास के लिए प्रभावी कार्ययोजना पर काम किया जा रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा डिजीटल सखी 2.0, रॉकेट लर्निंग प्रोग्राम, पुस्तक संवाद, कोड चूरू, आइडियाथॉन, रिचार्ज शाफ्ट आदि नवाचारों के बारे में चर्चा की।  उन्होंने कहा के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों की सक्रिय भूमिका से चूरू जिला विकास के पथ पर तेजी से अग्रसर है और निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहेगा।  

उन्होंने जिलेवासियों को 77 वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि हम राष्ट्रहित सर्वोपरि की भावना के साथ कार्य करें और भारत को शांति, समृद्धि और प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाएं। हम संविधान का सम्मान करने, कर्तव्यों को अधिकारों से ऊपर रखने, ईमानदारी, एकता और सद्भाव को अपनाने, समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने तथा चूरू, राजस्थान और भारत के विकास में सक्रिय भागीदार बनने का संकल्प लें।

समारोह में केन्द्रीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रगान की प्रस्तुति दी। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने व्यायाम प्रदर्शन किया। केजीबीवि, राजकीय बागला बालिका उमावि, मधुर स्पेशल शिक्षण संस्थान, लॉर्ड्स इंटरनेशनल स्कूल, लिटिल फलोवर स्कूल के बालक-बालिकाओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। उपस्थित सभी ने राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम्' का सामूहिक गान किया और अतिथियों ने 'वंदे मातरम्' थीम पर गुब्बारे छोड़े।  इस दौरान झांकी प्रदर्शन में पशुपालन विभाग की मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना की थीम पर झांकी ने प्रथम, शिक्षा विभाग की कोड चूरू की थीम पर झांकी ने द्वितीय, जिला परिषद की रिचार्ज शाफ्ट की थीम पर झांकी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। परेड में एनसीसी छात्र टुकड़ी प्रथम, राजस्थान पुलिस की पुरूष टुकड़ी द्वितीय तथा एनसीसी छात्र व छात्रा की टुकड़ी तृतीय स्थान पर रही। संचालन शिवकुमार शर्मा, प्रमेन्द्र शर्मा व सुष्मिता गुर्जर ने किया।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार, एएसपी सतपाल सिंह, एएसपी डॉ  कृष्णा सामरिया, बसंत शर्मा, वासुदेव चावला, दीपचन्द राहड़, चंद्राराम गुरी, ओम सारस्वत, चूरू एसडीएम सुनील कुमार, सरदारशहर एसडीएम रामकुमार, चूरू तहसीलदार अशोक गोरा, एसीईओ दुर्गा ढाका, डीवाईएसपी सुनील झाझड़िया, विक्रम कोटवाद, सुशील लाटा, गोपाल बालाण, नारायण बेनीवाल, सीपी शर्मा, सीडीईओ संतोष महर्षि, डॉ हेमंत मंगल, एसजेईडी डीडी नगेन्द्र सिंह राठौड़, चूरू नगरपरिषद आयुक्त अभिलाषा सिंह,  सहायक प्रशासनिक अधिकारी रामचंद्र गोयल, मंगेज सिंह सहित अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि, मीडियाकर्मी एवं गणमान्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

वीरगति स्मारक पर वीरों को दी श्रद्धांजलि
मुख्य समारोह से पूर्व जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा, पुलिस अधीक्षक जय यादव, एएसपी सुनील कुमार, एसडीएम सुनील कुमार, डीवाईएसपी सुनील झाझड़िया सहित सेना के जवानों, पुलिस कर्मियों, नागरिकों ने वीरगति स्मारक पर पुष्प चक्र व पुष्प अर्पित कर वीरों को श्रद्धांजलि दी।  

जिला कलेक्ट्रेट व जिला परिषद में किया फहराया ध्वज
गणतंत्र दिवस के अवसर पर सोमवार को जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने कलक्ट्रेट में ध्वजारोहण किया और अधिकारियों, कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान एडीएम अर्पिता सोनी, एसडीएम सुनील कुमार, डीएलआर पवन तंवर, तहसीलदार अशोक गोरा, डीएसओ अंशु तिवाड़ी, नरेन्द्र राठौड़, दीपक शर्मा, गौरव शर्मा,  हवासिंह सहित अधिकारी, कर्मचारी मौजूद थे।

जिला परिषद में प्रशासक व जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने ध्वज फहराया किया। इस अवसर पर जिला कलक्टर सुराणा, सीईओ श्वेता कोचर व चूरू एसडीएम ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले पर कार्मिकों को प्रशस्ति— पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान सीडीईओ संतोष महर्षि, सीपीओ भागचंद खारिया, तहसीलदार अशोक गोरा, सहायक विकास अधिकारी प्रेमसिंह चौहान, सुरेश सैनी, सचिन डोरवाल सहित अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ