डीएसपी सहित कोतवाली पुलिस पहुंची मौके पर
चूरूः जिला मुख्यालय स्थित खेमका शक्ति मंदिर के पास कबाड़ गोदाम में गोदाम मालिक का जला हुआ शव मिलने से सोमवार को क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक बिसाऊ निवासी मुरारीलाल शर्मा पिछले करीब 20 वर्षों से यहां कबाड़ का काम करता है। मृतक के पास मिली नोटबुक में कर्ज से परेशान होने की बात सामने आयी है। सूचना के बाद डीएसपी सहित कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। शव के पास पेट्रोल की खाली बोतल भी मिली है। अब पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। डीएसपी की सूचना पर एफएसएल टीम भी घटना स्थल पर पहुंची और मौके से घटना के साक्ष्य जुटायें। पुलिस ने मृतक के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक बिसाऊ निवासी 45 वर्षीय मुरारी लाल शर्मा ने चूरू में खेमका शक्ति मंदिर के पास कबाड़ का गोदाम कर रखा है। सोमवार सुबह गोदाम से आग का धुआं निकलता दिखाई देने पर पड़ोसियों ने मुरारी के परिजनों को सूचना दी। कबाड़ गोदाम का गेट अंदर से बंद होने के कारण से लोगों ने दूसरे गेट को खोला और अंदर पहुंचे तोे एक कमरे से धुआं निकल रहा था और बिस्तर पर मुरारी का शव जल रहा था। लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और एफएसएल टीम ने मौका निरीक्षण किया और शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ