पानी की डिग्गी में तैरते मिले नाबालिग युवती व युवक के शव, गांव में फैली सनसनी
सरदारशहर। मुन्नालाल राव
भानीपुरा थाना अंतर्गत गांव सेहजासर की रोही में पानी की डिग्गी में 15 साल की बालिका व 20 साल के युवक का शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर मौके पर पहुंची भानीपुरा पुलिस ने दोनों शवों को पानी की डिग्गी से बाहर निकलवाकर सरदारशहर के राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और मृतकों के परिजनों की उपस्थिति में शवों का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिये। भानीपुरा थाने के हेड कांस्टेबल राधेश्याम ने बताया कि गुरुवार रात्रि को सूचना मिली कि गांव सेहजासर की रोही में पानी की डिग्गी में दो शव तैरते हुए दिखाई दे रहे हैं। जिस पर मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों के सहयोग से दोनों शवों को बाहर निकलवाकर राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। शुक्रवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिये हैं। पुलिस के अनुसार मृतका 15 साल व मृतक युवक हनुमान कुम्हार उम्र 20 साल खुईयां हनुमानगढ़ जिले के गांव कानसर के बताए जा रहे हैं। जिन्होंने घर से निकलकर गांव सेहजासर की रोही में बनी पानी की डिग्गी में कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का बताया जा रहा है। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मर्ग दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ