बोडिया कुआं पर एक दोस्त ने दूसरे दोस्त के साथ की मारपीट, पांचवे दिन पुलिस थाने में हुआ मामला दर्ज
सरदारशहर। मुन्नालाल राव
पुलिस थाने में एक दोस्त ने होली के दिन हुई बोलचाल को लेकर अपने ही दोस्त के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज करवाया है। हेड कांस्टेबल विजेंद्र सिंह ने बताया कि वार्ड 40 गौशाला बास निवासी हरिओम पारीक ने गुरुवार को मामला दर्ज करवाया है कि मैं और विशाल चायल आपस में दोस्त थे। 17 मार्च को मेरे व विशाल के बीच फोन पर आपस में बोलचाल हो गई। दिनांक 20 मार्च शाम को जब मैं करीब 5:30 बजे पेनड्राइव लेने के लिए बोडिया कुआ के पास स्थित एसआर कॉम्प्लेक्स गया। पेनड्राइव लेकर जैसे ही मैं कॉम्प्लेक्स से बाहर निकलकर अपनी मोटरसाइकिल पर वापस आने लगा तो विशाल ने मुझे रोककर गंदी गालियां निकालते हुए लोहे की राॅड़ से मेरे साथ मारपीट की। जिससे मेरे माथे और दाएं हाथ और बाएं हाथ के अंगूठे व छाती पर चोट आई। विशाल ने लोहे के सरिए से मेरी मोटरसाइकिल पर चोट मारी। जिससे मेरी मोटरसाइकिल की टंकी क्षतिग्रस्त हो गई। शोर सुनकर आसपास रहने वाले लोग आए और बीच-बचाव कर मुझे छुड़वाया। जाते समय विशाल ने मुझे जान से मारने की धमकी दी। मैंने फोन फोन पर घटना की सूचना पुलिस थाने में दी। जिस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मेरा मेडिकल करवाया।बहरहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ