क्यों बिगाड़ा मिर्ची ने सब्जी का तड़का ? नींबू और मिर्ची सहित सब्जी के भाव आसमान पर, रसोई का बिगड़ा बजट
,
सब्जी का तड़का महंगा होने से आम आदमी परेशान
सरदारशहर। मुन्नालाल राव
बढ़ते पेट्रोल व गैस के दामों से जहां आम जन परेशान हैं वहीं अब आसमान छूते मिर्ची व नींबू के भावो ने सब्जी का जायका और रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। पिछले 10-15 दिनों से शहर में मिर्ची ₹150 किलो वहीं नींबू ₹200 किलो बिक रहे हैं। हमारे संवाददाता ने जब स्थानीय मंडी में थोक सब्जी विक्रेता सिराजुद्दीन से बात की तो उन्होंने बताया कि मिर्ची की फसलें कमजोर है जिससे पिछले 10 दिनों से मिर्ची के भावों में तेजी है। हमारे यहां सीकर व जयपुर से मिर्ची की अनेक वैरायटी आती है जिनके थोक भाव अभी 85 और ₹90 किलो है। और हाल फिलहाल मिर्ची सस्ती होने की कोई संभावना नहीं है। इधर खुदरा विक्रेता आदिल ने बताया कि बाजार से मिर्ची हम 90 और ₹100 किलो लाते हैं जिसमें कुछ मिर्ची खराब भी निकलती है। यहां पर लाकर हम उसे ₹15 रुपए की 100 ग्राम या फिर ₹30 पाव बेच रहे हैं। सब्जी खरीद रहे पवन व्यास ने बताया कि लगातार बढती महंगाई ने जहां सब्जी का तड़का बिगाड़ दिया है वहीं पेट्रोल, गैस एवं खाद्य तेल के बढ़ते दामों से रसोई का बजट भी गड़बड़ा गया है। लगातार बढ़ती महंगाई से आमजन त्रस्त है फिर भी सुनने वाला कोई नहीं है। बहरहाल बढ़ती महंगाई से हर कोई परेशान है ऐसे में देखना ये होगा कि सरकारें किस तरह से बढ़ती महंगाई पर अंकुश लगाकर ऐसे क्या कारगर कदम उठाती है जिससे आमजन का जीवन प्रभावित ना हो।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ