Type Here to Get Search Results !

लोकरंग से भरपूर प्रस्तुतियों ने बनाया शाम को यादगार

 


राजस्थान दिवस पर नेचर पार्क में हुई सांस्कृतिक संध्या का शहरवासियों ने उठाया लुत्फ, जिला कलक्टर सिद्धार्थ सिहाग, सभापति पायल सैनी सहित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों ने की शिरकत

चूरू। अपने सौंदर्य और प्राकृतिक वनस्पति के लिए मशहूर नेचर पार्क का स्वामी गोपालदास मुक्त आकाश मंच... फिजां में घुलती सुरीले राजस्थानी गीतों की रागिनी... लोकगीतों पर थिरकते कलाकार...  यूं लोकरंग की खुशबू से लकदक एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों ने बुधवार की शाम को शहरवासियों के लिए यादगार बना दिया। अवसर था राजस्थान दिवस के उपलक्ष में जिला प्रशासन एवं पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित जिला स्तरीय सांस्कृतिक समारोह ‘राजस्थान उत्सव’ का। राजस्थान की माटी की खुशबू लिए गीतों और नृत्यों में बंधे श्रोता कार्यक्रम संपन्न होने तक ओपन एयर ऑडिटोरियम में मंत्रमुग्ध बैठे रहे। गणेश वंदना से शुरू हुई सांस्कृतिक संध्या में गायिका मनीषा शांडिल्य ने कन्हैयालाल सेठिया के मशहूर राजस्थानी गीत ‘धरती धोरां री...’ से शमां बांध दिया। जिला कलक्टर सिद्धार्थ सिहाग के मुख्य आतिथ्य में हुए कार्यक्रम में लोक कलाकारों ने चरी, भवई, घूमर, कच्छी घोड़ी एवं कालबेलिया लोकनृत्यों की मनमोहक प्रस्तुति देकर दर्शकों पर जादू बिखेरा। राजस्थानी ढप-चंग एवं डैरूं नृत्य ने देखने वालों का मन मोह लिया। नन्हीं सौम्या शर्मा ने राजस्थानी लोकगीत पर नृत्य कर दर्शकों को प्रभावित किया। राजबाला पूनिया ने लोकगीत प्रस्तुत किया। राजस्थानी मांड गायन और भोपा-भोपी नृत्य की प्रस्तुति को भरपूर सराहना मिली। नोडल अधिकारी एसडीएम राहुल सैनी ने आभार जताया। इस दौरान जिला कलक्टर सिद्धार्थ सिहाग, सभापति पायल सैनी, एसीईओ धीरज सिंह आईएएस, एडीएम लोकेश गौतम, डीएफओ सविता दहिया, उद्योग महाप्रबंधक नानूराम गहनोलिया, सहायक निदेशक (जनसंपर्क) कुमार अजय, सहायक पर्यटन अधिकारी आनंद भारद्वाज, कमिश्नर अभिलाषा सिंह, रेंजर अनूप शर्मा, गजेंद्र सिंह, चर्चित चंदन कलाकार पवन कुमार जांगिड़, सुनीता दादरवाल,  आत्मा राम प्रजापत, जमील चौहान, विकास मील, आसिफ खान, हर्ष लांबा, डॉ संजय तंवर आदि मौजूद रहे। संचालन विजय ने किया। कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन, जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र की ओर से बुधवार को हुई उत्कृष्ट हस्तशिल्प उत्पाद व बूंदी-बंधेज प्रतियोगिताओं के विजेताओं को जिला कलक्टर सिद्धार्थ सिहाग एवं सभापति पायल सैनी सहित अतिथियों ने सम्मानित किया। उद्योग महाप्रबंधक नानूराम गहनोलिया ने बताया कि उत्कृष्ट उत्पाद प्रतियोगिता में चूरू के चंदन कलाकार मनीष जांगिड़ प्रथम, चूरू के चंदन कलाकार पवन स्वामी द्वितीय रहे, वहीं साहवा के हरीश चंद्र बाकोलिया को लेदर उत्पाद के लिए तृतीय पुरस्कार दिया गया। इसी प्रकार बूंदी-बंधेज प्रतियोगिता में चूरू की साजिदा पत्नी अब्दुल लतीफ प्रथम, चूरू की साजिदा पत्नी मुख्तियार द्वितीय तथा रामसरा की सावित्री पत्नी प्रभुदयाल प्रजापत तृतीय स्थान पर रही। प्रथम को 2100, द्वितीय को 1500 तथा तृतीय को 1100 रुपए का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। निर्णायक की भूमिका आत्मा के परियोजना निदेशक दीपक कपिला, राजीविका डीपीएम संजय कुमार, मोहम्मद मुस्लिम, रूकसाना बानो, सुलोचना, पवन कुमार जांगिड़ ने निभाई। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ