शीतला माता मंदिर में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब , महिलाओं ने शीतला अष्टमी पर सपरिवार धोक लगाकर चढ़ाया ठंडा भोजन
सरदारशहर। मुन्नालाल राव
शहर के ताल मैदान स्थित शीतला माता मंदिर में शनिवार को शीतलाष्टमी के मेले में भारी भीड़ देखने को मिली। महिलाएं सुबह 4:00 बजे से ही मंदिर पहुंचने लगी और माता को ठंडा पानी व बासी भोजन जिसमें दही, राबड़ी, प हलवा, पूरी सांगरी की सब्जी आदि का भोग व धोक लगाकर घर परिवार में स्वास्थ्य एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान पुलिस प्रशासन व नगरपालिका प्रशासन का भी पूरा सहयोग रहा। मंदिर में किसी प्रकार की कोई अव्यवस्था ना हो इसको लेकर मंदिर परिसर में दिनभर पुलिस जाब्ता तैनात रहा। मंदिर कमेटी द्वारा मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को बारी-बारी दर्शन करवाने के लिए माकूल व्यवस्था की गई। मेला आयोजन कमेटी के डॉ पूनमचंद भाटी ने बताया कि पिछले 2 सालों से कोरोना महामारी के कारण शीतला माता का मेला कोरोना गाइडलाइन के साथ भरा गया था। इस बार कोरोना के आंकड़े कम होने से शीतला माता मेले में भारी भीड़ रही। हजारों की संख्या में महिलाओं ने मंदिर में धोक लगाकर शीतला माता की कहानी सुनकर अपने बच्चों को निरोग रखने की प्रार्थना की। इस दौरान महिलाओं ने शीतला माता मंदिर के पास स्थित भैरव मंदिर में भी धोक लगाई और घर परिवार व क्षत्र में सुख शांति व समृद्धि की कामना की। मंदिर कमेटी द्वारा माता को नहलाने के लिए पानी की व्यवस्था की गई साथ ही कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई जिसका उन्होंने जिम्मेदारी के साथ निर्वहन किया। मेले में झेड़ू परिवार द्वारा श्रद्धालुओं के लिए सुबह से शाम तक ठंडे शरबत की व्यवस्था की गई। इस दौरान आनंद कुमार बाबूलाल एवं गजानंद पारीक ने श्रद्धालुओं को शरबत पिलाने में सहयोग किया। हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद के रूप में ठंडे शरबत का सेवन किया।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ