राजगढ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मुख्यमंत्री बजट घोषणा के अनुसार 200 लाख रुपये की लागत के ट्रॉमा सेंटर का सड़क परिवहन मंत्री ओला और विधायक डॉ कृष्णा पूनिया ने किया शिलान्यास
चूरू। मुख्यमंत्री बजट घोषणा 2021-22 अंतर्गत जिले के राजगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 200 लाख रुपए की लागत से बन रहे ट्रोमा सेंटर का शिलान्यास रविवार को राज्य के सड़क परिवहन मंत्री तथा जिला प्रभारी मंत्री बृजेंद्र सिंह ओला ने किया। इस मौके पर उन्होंने ट्रोमा सेंटर में आवश्यक उपकरणों के लिए सड़क परिवहन विभाग की ओर से 25 लाख रुपए देने की घोषणा की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ओला ने कहा कि सादुलपुर विधायक डॉ कृष्णा पूनिया की सक्रियता की वजह से राजगढ़ क्षेत्र विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और क्षेत्र की तस्वीर बदल रही है। यह विधायक की सक्रियता का ही परिणाम है कि राज्य सरकार की ओर से पेश होने वाले प्रत्येक बजट में राजगढ़ के लिए कोई न कोई उल्लेखनीय सौगात रहती है। ओला ने कहा कि डॉ कृष्णा पूनिया ने राजगढ़ की राजनीति की धारा को मोड़ दिया है और विकास की राजनीति शुरू की है। राजगढ़ की जनता को इस राजनीति का स्वागत करते हुए इनका साथ देना चाहिए। इस मौके पर उन्होंने विधायक डॉ कृष्णा पूनिया के अनुरोध पर चूरू से रोहतक वाया भिवानी, सरदारशहर से दिल्ली वाया भिवानी एवं राजगढ़ से गालड़ बस सेवा शुरू करने भरोसा दिलाया तथा बैरासर गांव में बस स्टॉपेज शुरू करने का आश्वासन दिया। ओला ने कहा कि राज्य सरकार ने शिक्षा, चिकित्सा, सड़क, पेयजल सहित सभी क्षेत्रों में उल्लेखनीय विकास कार्य करवाए हैं, उच्च शिक्षा के क्षेत्र में राजस्थान तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए संकल्पबद्ध है।
सादुलपुर विधायक डॉ कृष्णा पूनिया ने कहा कि मैंने अंतिम सांस तक सादुलपुर की जनता की सेवा करने का प्रण लिया है। उन्होंने सादुलपुर क्षेत्र में पिछले 3 वर्ष में हुए विभिन्न विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास के कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि राजगढ़ क्षेत्र में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं सुदृढ़ हुई हैं तथा हिसार से रेफर किए गए गंभीर रोगियों तक को यहां के अस्पताल में राहत मिल रही है, यह क्षेत्र की जनता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बात है।
डॉ पूनिया ने कहा कि पिछले 3 साल में राजगढ़ क्षेत्र में चिकित्सा, शिक्षा, सड़क और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व काम हुआ है और आगे भी उनकी कोशिश रहेगी कि क्षेत्र में विकास के अधिकतम कार्य हों।
इस दौरान प्रभारी मंत्री ओला एवं विधायक डॉ पूनिया ने ट्रोमा सेंटर का शिलान्यास किया तथा शिलान्यास पट्टिका का अनावरण किया।
विशिष्ट अतिथि भल्लेराम पूनिया ने कहा कि विधायक डॉ कृष्णा पूनिया ने राजगढ़ क्षेत्र में इतने विकास कार्य करवाए हैं कि यहां के लोगों की नजर में जनप्रतिनिधि की परिभाषा ही बदल गई है। उन्होंने कहा कि आज राजगढ क्षेत्र में चाहे खेल हो या शिक्षा हो या चिकित्सा, प्रत्येक क्षेत्र में भरपूर काम हो रहा है। सतीश पूनिया ने आभार व्यक्त करते हुए राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। इससे पहले लाल मोहम्मद भियाणी, सुनीता सांगवान, चंद्रभान नायक, नियाज मोहम्मद, पवन सैनी, अजय पूनिया एडवोकेट, मानसिंह रैबारी, संजीव पूनिया, महेंद्र झाझड़िया, सीताराम प्रजापत, सुल्तान जांगिड़ सहित विभिन्न वक्ताओं ने विचार व्यक्त करते हुए डॉ कृष्ण पूनिया द्वारा क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों की सराहना की और कहा कि विधायक के प्रयासों से राजगढ़ बदल रहा है। संचालन वेद प्रकाश रेडू ने किया। कार्यक्रम में एसडीएम पंकज गढ़वाल, जलदाय विभाग के अधिशासी अभियंता राम कुमार झाझड़िया सहित बड़ी संख्या में अधिकारी जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ