चूरू। जिला मुख्यालय पर शिक्षक दंपति अमर सिंह किशनावत एवं मनीषा चारण के सौजन्य से संचालित ‘सम्मान आपके द्वार’ कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को पेंटर योगेश सोनी का सम्मान किया गया। उनके प्रतिष्ठान पर आयोजित सादे समारोह में अभिनेता शिव सिंह चौहान, आयोजक अमर सिंह किशनावत तथा फिल्म निर्माता-निर्देशक राजेन्द्र सिंह शेखावत ने माल्यार्पण, शॉल ओढ़ाकर, मैडल पहनाकर, प्रतीक चिन्ह एवं कलम भेंट कर उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम की आयोजक मनीषा चारण ने बताया कि वर्ष 2020 से निरंतर संचालित इस अभियान के माध्यम से अब तक 200 से अधिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया जा चुका है। सम्मानित होने वाली प्रमुख हस्तियों में पत्रकार शिव नंदन शर्मा, कवि एवं अभिनेता आशीष गौतम ‘आशु’, डॉ. ओमवीर सिंह, राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त कलाकार चौथमल जांगिड़, समाजसेवी देवेन्द्र जोशी, राजकीय विधि महाविद्यालय चूरू के प्राचार्य डॉ. एस.के. सैनी, खेल अधिकारी ईश्वर सिंह लाम्बा, प्रधानाचार्य गिरधारी स्वामी, प्राचार्य डॉ. जे.बी. खान, अभिनेता नागेन्द्र सिंह शेखावत एवं अफ़ज़ल हसन गोरी, पोस्टर डिज़ाइनर दिनेश कुमार सैनी तथा छात्रा किरण चारण सहित अनेक प्रतिभाएं शामिल हैं। शिक्षक दंपति अमर सिंह किशनावत एवं मनीषा चारण पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं। उन्होंने विभिन्न सरकारी संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर हजारों पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया है, जिसकी व्यापक सराहना की जा रही है। मनीषा चारण ने बताया कि ‘सम्मान आपके द्वार’ कार्यक्रम आगामी दिनों में भी निरंतर जारी रहेगा। कार्यक्रम की अगली कड़ी में 4 जून को पत्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता मोहम्मद अली पठान का सम्मान किया जाएगा।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ