चूरू, । अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में गायत्री परिवार शाखा चूरू द्वारा ग्राम बालरासर तंवरान, तहसील चूरू में नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ का शुभारंभ गुरुवार को श्रद्धा एवं उत्साह के साथ हुआ। महायज्ञ से पूर्व बुधवार शाम गांव में भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भजन-कीर्तन एवं संगीत के साथ गांव के मुख्य मार्गों से शोभायात्रा निकाली। महायज्ञ का शुभारंभ गुरुवार प्रातः देव पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। प्रताप सिंह तंवर, रतन सिंह तंवर, भंवर सिंह एवं मोहर सिंह ने सपत्नीक दीप प्रज्वलित कर यज्ञ की शुरुआत की। यज्ञ का संचालन रामसिंह राठौड़, कमल कंवर एवं पृथ्वीराज सैनी की टोली द्वारा किया गया। महायज्ञ में ग्राम के 15 जोड़ों सहित बड़ी संख्या में महिलाओं एवं पुरुषों ने भाग लेकर गायत्री मंत्र, महामृत्युंजय मंत्र, रुद्र मंत्र एवं सूर्य मंत्र के उच्चारण के साथ विश्व शांति और मानव कल्याण की कामना करते हुए यज्ञ भगवान को आहुतियां अर्पित कीं। इस अवसर पर गांव के चन्द्र सिंह, रविन्द्र सिंह, खिंवराज सिंह, कान सिंह, दिलीप सिंह, सुमेर सिंह, भोपाल सिंह एवं विश्वेश्वर लाल शर्मा सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। वहीं चूरू से छोटूराम अध्यापक, नरेश बड़सर, तेजपाल सिंह राठौड़, गायत्री गोरसिया, किशन कंवर, प्रेम कंवर, आशा, वसु कंवर सहित अनेक कार्यकर्ता भी शामिल हुए। गायत्री परिवार के पदाधिकारियों ने बताया कि चूरू तहसील में नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञों की श्रृंखला चलाई जा रही है और यह इस श्रृंखला का तीसरा आयोजन है। उन्होंने बताया कि महायज्ञ का मुख्य उद्देश्य भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों के प्रति जागरूकता फैलाना तथा नशा उन्मूलन का संदेश देना है। महायज्ञ की पूर्णाहुति शुक्रवार को होगी, जिसमें विभिन्न संस्कार निःशुल्क करवाए जाएंगे।
चूरू, बालरासर तंवरान में नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ में आहुतियां देते श्रद्धालु


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ