Type Here to Get Search Results !

वंदे गंगा: जल संरक्षण जन अभियान' अंतर्गत गतिविधियों का हो समुचित संपादन : सुराणा




जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने समीक्षा बैठक में संपर्क पोर्टल, वंदे गंगा: जल संरक्षण जन अभियान, जनगणना— 2027, पेयजल, बिजली व चिकित्सा सेवाओं को लेकर दिए निर्देश

चूरू, । जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने गुरुवार को डीओआईटी वीसी सभागार में वीसी के जरिए पानी— बिजली आपूर्ति व चिकित्सा सेवाओं के प्रबंधन, वंदे गंगा: जल संरक्षण जन अभियान, जनगणना— 2027 को लेकर समीक्षा की और अधिकारियों को विस्तृत निर्देश दिए।

उन्होंने वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान अंतर्गत गतिविधियों की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार की मंशानुरूप जल संरक्षण गतिविधियों का आयोजन किया जाए। सभी सभी विभागों के अधिकारी अभियान अंतर्गत निर्धारित तिथियों को आयोजित की जाने वाली गतिविधियों को समुचित ढंग से संपादित करें। इसी के साथ प्रत्येक गतिविधि की पोर्टल पर एंट्री सुनिश्चित की जाए। उन्होंने शिक्षा, पशुपालन, कृषि, राजीविका व नगरनिकाय अधिकारियों को अभियान अंतर्गत गतिविधियां बढ़ाने और उनकी पोर्टल पर समयबद्ध एंट्री सुनिश्चित करने की बात कही। इसी के साथ उन्होंने अभियान अंतर्गत श्रमदान व शपथ कार्यक्रम, मिशन हरियालो राजस्थान को लेकर पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने, जेएसएजेबी में कार्यों की जियो-टैगिंग, कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान अंतर्गत जल संरक्षण व रिचार्ज स्ट्रक्चर विकसित करने को लेकर विस्तृत निर्देश दिए।

जिला कलक्टर सुराणा ने जनगणना— 2027 के प्रथम चरण 'मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य' की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी उपखंड अधिकारी व चार्ज अधिकारी फील्ड में प्रगणकों द्वारा किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण करें व निरीक्षण प्रतिवेदन भेजें। सभी अधिकारी देखें कि मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य में त्रुटिरहित एंट्री सुनिश्चित हों। उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य में लॉक्ड आउस, वेकेंट आदि होने पर उनकी समुचित एंट्री की जाए व चार्ज अधिकारी चार्ज स्तर पर गतिविधियों की नियमित मॉनीटरिंग करें। इसी के साथ उपखंड अधिकारी व चार्ज अधिकारी अपने सुपरवाइजरों की बैठक लेकर जनगणना कार्य में अपेक्षित प्रगति लाएं।

उन्होंने संपर्क पोर्टल पर पेंडेंसी की चर्चा करते हुए प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपने विभाग का जिला व ब्लॉक स्तर पर नियमित रिव्यू करें व सुनिश्चित करें कि 15 दिन से अधिक की कोई पेंडेंसी न रहे।
 
उन्होंने पीएचईडी, डिस्कॉम व चिकित्सा अधिकारियों को गर्मियों के दौरान पेयजल व बिजली आपूर्ति व चिकित्सा सेवाओं की समुचित उपलब्धता व प्रबंधन करने के निर्देश दिए। इसी के साथ ईआरओ व एईआरओ को निर्वाचन गतिविधियों को लेकर आवश्यक दिशा— निर्देश दिए।

एडीएम अर्पिता सोनी ने जनगणना— 2027 व घूमंतू व अर्द्धघूमंतू परिवारों के आवासी पट्टों से संबंधित रिपोर्ट के बारे में चर्चा की।

सीईओ श्वेता कोचर ने 'वंदे गंगा: जल संरक्षण जन अभियान' अंतर्गत आयोजित की जाने वाली सभी गतिविधियों को लेकर पोर्टल पर एंट्री की चर्चा की।
एडीपीएस मीनू वर्मा ने संपर्क पोर्टल प्रकरणों की चर्चा की।

इस दौरान समस्त जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे तथा वीसी के जरिए सभी उपखंडों से उपखंड स्तरीय अधिकारी जुड़े रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ