बीदासर (निस) होली के पर्व को लेकर कस्बे में मिठाई व रंगों की दुकानें सज गई है। शनिवार को होली के पर्व को लेकर बाजारों में खरीददारों की रौनक रही। वही अन्य राज्यों से आये प्रवासी नागरिकों से कस्बे में चहल पहल बढ़ गई है। रात्रि में चल रहे अनेक होली महोत्सव के कार्यक्रमों में फाग रसीयां व प्रवासी नागरिक बढ़चढ़ कर भाग ले रहे है। राजस्थानी वेशभूषा में चंग व ढप की थाप और ढोलक की रिदम पर फाल्गुनी धमालों पर देर रात्रि तक फाग रसियां जमकर ठुमके लगा रहे है। कस्बे के राजेंद्र सुरेंद्र चैरड़िया स्टेडियम में शुक्रवार की रात्रि में अभिभाषक संघ बीदासर के सौजन्य से फाल्गुन महोत्सव व होली स्नेह मिलन समारोह संघ के अध्यक्ष किशन लाल भादू की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। फाल्गुन महोत्सव में राजस्थान संगीत के गायक संजय राजस्थानी के साथ मेहरी बने नृत्य कलाकरों ने फाल्गुनी व राजस्थानी गीतों की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतिया देकर दर्शकों को ठुमके लगाने के लिए मजबूर कर दिया। कार्यक्रम को देखने के लिए दर्शकों की जमकर भीड़ उमड़ी। कस्बे के मुख्य बाजार स्थित पुराने शिवालय के पास फाग रसिया प्रभु दयाल शर्मा, राम सिंह दर्जी, मदन प्रजापत, धनराज सैन, महेंद्र सिंघी, गिरधारी लाल राजपुरोहित ने आज बृज में होली रे रसिया..........बाबू परणीज...........लक्ष्मण क लाग्यों रे शक्ति बाण..................चालों देखण न बाईसा थारो बीरा नाच रे सहित प्रसिद्ध लोक गीतों की प्रस्तुतियों पर दर्शक झूम उठे। वही दड़ीबा के लक्ष्मी नारायण मंदिर के पास नीम गट्टा ग्रुप लोक कला समिति दड़ीबा, वार्ड एक स्थित तोलियासर भैरूजी मंदिर के पास भैरू मित्र मंडल के फाग रसियों द्वारा फाल्गुनी गीतों पर एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर रसियों को नृत्य करने के लिए मजबूर कर दिया।
ओसवाल समाज के प्रवासी नागरिकों द्वारा निकाली जाएगी होली की बिंदौरी - होली के पर्व पर प्रति वर्ष की भांति इस बार भी ओसवाल समाज के प्रवासी नागरिकों द्वारा वार्ड तीन बोहरा की गल्ली से गाजे बाजे के साथ कस्बे के मुख्य मार्गों से रविवार को बिंदौरी निकाली जाएगी। बिंदौरी में मुख्य आकर्षण का केंद्र घोड़ी व ऊंट नृत्य रहेगा।

एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ