Type Here to Get Search Results !

चूरू में कोहरे से हुआ नव वर्ष का स्वागत



 बारिश के बाद सर्द हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन, विजिबिलिटी 100 मीटर से भी रही कम
 
चूरूः जिले में नये साल की शुरुआत घने कोहरे और सर्द हवाओं के साथ हुई। बुधवार रात से बदले मौसम के मिजाज ने लोगों को ठिठुरा कर रख दिया। गुरुवार सुबह कोहरे के कारण विजिबिलिटी 100 मीटर से भी कम दर्ज की गई, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। इससे पूर्व बुधवार रात बूंदाबांदी से शुरू हुई बारिश जो रात करीब 11 बजे तक जारी रही। यह बारिश चने की फसल के लिए फायदेमंद होगी। बारिश के बाद चली सर्द हवाओं ने आमजन को ठिठुरा कर रख दिया है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तरी हरियाणा और आसपास के क्षेत्र के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र बना हुआ है। इसके असर से बीकानेर, जोधपुर, अजमेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ मावठ (हल्की बारिश) होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि गुरुवार 1 जनवरी को बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ इलाकों में मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है। राज्य के उत्तरी, पश्चिमी और पूर्वी भागों में 1 से 3 जनवरी को घना कोहरा और कहीं-कहीं अति घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। 2 जनवरी से मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है। शर्मा ने बताया कि राज्य के शेखावाटी क्षेत्र में 3 से 4 जनवरी के दौरान शीतलहर चलने की संभावना है। इस अवधि में न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान 15.3 और न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ