Type Here to Get Search Results !

कलाकृति ‘राधा’ में उकेरी गई कृष्ण लीला ने मन मोहा

 


राजस्थान दिवस के उपलक्ष में जिला प्रशासन एवं उद्योग विभाग की ओर से हस्तशिल्प प्रदर्शनी का आयोजन, जिला प्रमुख वंदना आर्य एवं सीईओ रामनिवास जाट ने किया शुभारंभ

चूरू। राजस्थान दिवस के उपलक्ष में जिला प्रशासन एवं उद्योग विभाग की ओर से बड़ौदा स्वरोजगार विकास संस्थान में आयोजित हस्तशिल्प प्रदर्शनी में लगाई गई चंदन की लकड़ी की बनी कलाकृतियों ने खास ध्यान आकर्षित किया। मोरथल के रामचंद्र, रोहिताश आदि द्वारा बनाई गई कलाकृतियों का प्रदर्शन किया गया। इस दौरान बनाई गई राधा कलाकृति में उकेरी गई कृष्ण के जन्म से लेकर उनके जीवन की विभिन्न घटनाओं को देखकर सभी हैरान हुए बिना नहीं रह सके। 

प्रदर्शनी के शुभारंभ समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि जिला प्रमुख वंदना आर्य ने कहा कि यहां जिले में बने हुए उत्पादों को देखकर बहुत प्रसन्नता हुई। उन्होंने कहा कि इन उत्पादों की गुणवत्ता में कमी नहीं है, इन्हें बेहतर मार्केटिंग और प्रोत्साहन की जरूरत है। उन्होंने राजस्थान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राजस्थानी संस्कृति और कला को आगे बढाने के लिए हमें काम करना  चाहिए। 

अध्यक्षता करते हुए सीईओ रामनिवास जाट ने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले कलाकारों की आर्थिक सुरक्षा जरूरी है, तभी वे अपनी कला को जिंदा रख पाएंगे। उन्होंने चंदन की लकड़ी पर की गई कारीगरी के साथ अन्य उत्पादों की भी सराहना की। 

विशिष्ट अतिथि रवि आर्य, बैंक ऑफ बड़ौदा आर-सेटी के निदेशक रामदयाल विश्नोई, राजवीर सिंह, हंसराज धाभाई ने भी विचार व्यक्त किए। उद्योग महाप्रबंधक नानूराम गहनोलिया ने अतिथियों का स्वागत किया और प्रदर्शनी की जानकारी दी। इस दौरान महिला अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक संजय कुमार आदि मौजूद रहे। इससे पूर्व अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। प्रदर्शनी का अवलोकन कर अतिथियों ने उत्पादों की सराहना की। हस्तशिल्प प्रदर्शनी तथा उत्कृष्ट उत्पाद एवं बूंदी-बंधेज प्रतियोगिता में चंदन की लकड़ी पर की गई अनूठी कारीगरों को देखकर सबने दांतों तले अंगुली दबा चली। इसके अलावा स्थानीय कारीगरों द्वारा बनाए गए उत्पादों ने भी मन मोह लिया। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ