उपखंड प्रशासन ने शहीद दिवस पर शहीदों को दी श्रद्धांजलि
उपखंड अधिकारी ने किया शहीदों की जीवन गाथा पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन
सरदारशहर। मुन्नालाल राव
23 मार्च बुधवार को शहीद दिवस के अवसर पर आजादी 75 श्रृंखला के अंतर्गत महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति द्वारा अमर शहीद भगत सिंह, सुखदेव व राजगुरु के शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम श्रीहरि शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपखंड अधिकारी पवन कुमार और उप प्रधान केसरी चंद शर्मा थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था अध्यक्ष मांगीलाल शर्मा ने की। इस अवसर पर सीबीईओ अशोक कुमार पारीक, समिति की उपखंड संयोजक मोनिका सैनी, सह संयोजक भरत गौड़, प्राचार्य विश्वेश्वर शर्मा,संस्था प्रबंधक पवन शर्मा व अशोक शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस दौरान शहीदों के जीवन पर आधारित चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन उपखंड अधिकारी पवन कुमार एवं सीबीईओ अशोक कुमार पारीक ने करते हुए विद्यार्थियों के साथ प्रदर्शनी का अवलोकन किया। भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पण के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता रमाकांत शर्मा ने अपने उद्बोधन में शहीदों के जीवन के बारे में विस्तार से बताते हुए वर्तमान परिप्रेक्ष्य में उनकी उपयोगिता और महत्व पर प्रकाश डाला। उपखंड अधिकारी पवन कुमार ने विद्यार्थियों से भगत सिंह के विचारों को पढ़ने और अपनाने का आह्वान करते हुए उनके योगदान के प्रति अपनी कृतज्ञता प्रकट की। सीबीईओ अशोक कुमार पारीक ने बोलते हुए शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेते हुए उनके बारे में प्रमाणिक जानकारी प्राप्त करने और अपने विचारों में दृढ़ता लाने का आह्वान किया। समिति के सह संयोजक भरत गौड़ ने अपने उद्बोधन में युवाओं से महापुरुषों की जीवनी पढ़ने और उन पर अमल करने का आह्वान करते हुए वर्तमान समय में गांधी और भगत सिंह की विचारधारा के समन्वय से भारत को विश्व गुरु बनाने का आह्वान किया। प्राचार्य विश्वेश्वर शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता श्री राम प्रजापत और नरेंद्र चौहान ने किया।कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को शहीदों के जीवन पर आधारित एक वृत्तचित्र का प्रदर्शन भी किया गया। इस अवसर पर श्री हरि आईटीआई के प्रधानाचार्य मोहित त्रिपाठी, श्री हरि फार्मेसी के प्राचार्य रमेश जोशी, कमला जाट,ललिता पूनिया, सुमित सिंह , शिव प्रसाद पारीक, हरिओम शर्मा, मोहसिन खान,हंसराज शर्मा, राकेश जाकड़, नवीन कुमावत व मदन लाल आदि उपस्थित रहे।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ