सरदारशहर। मुन्नालाल राव
तहसील क्षेत्र के गांव दल्लूसर में गोचर भूमि, जोहड़ पायतन व सार्वजनिक भूमियों को अतिक्रमण से मुक्त करवाने की मांग को लेकर उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में बताया कि गांव दल्लूसर में गोचर भूमि व सार्वजनिक हित की सिवाय चक भूमियों सहित बोराली जोहड़ी, ओडावाला जोहड़ा, कुम्हारों का जोहड़ा, ईसरराम जोहड़ा, डालवाणी जोहड़ी व बीहड़ की भूमि सहित कटानी रास्तों की भूमि पर गांव के असामाजिक तत्वों ने अवैध रूप से अतिक्रमण कर लिया है। ऐसे में ग्रामवासी सार्वजनिक हित की भूमियों के उपयोग से वंचित हो रहे हैं। इसके साथ ही रास्तों पर अतिक्रमण होने से आवागमन के रास्ते भी बाधित हो चुके हैं। जिससे आपसी झगड़े बढ़ गए हैं। भूमि कब्जा माफियाओं ने बीहड़, जोहड़ पायतन व सिवाय चक की भूमि पर काश्त कर उक्त भूमि अपने खेत में मिला रखी है। जिस कारण गांव का पशुधन व जन समुदाय उनके उपयोग से वंचित हैं और पशुधन की चराई का संकट पैदा हो गया है। करीब 1 वर्ष पूर्व प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने हेतु गांव में उक्त भूमियों का नाप करवाकर अतिक्रमण हटाया गया था। लेकिन कुछ समय पश्चात ही उक्त अतिचारियों ने पुनः अतिक्रमण कर लिया । इस संबंध में प्रशासन गांवों के संग अभियान के दौरान जिला कलेक्टर सहित अन्य अधिकारियों को अवगत करवाया गया लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। गोचर सहित सार्वजनिक भूमियों की पैमाइश करवाकर तुरंत प्रभाव से अतिक्रमण मुक्त करवाया जाए एवं दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई हो अन्यथा ग्रामीणों द्वारा उग्र आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में मोहनलाल जाखड़, गोपीराम बेनीवाल, सुखाराम प्रजापत, मोहनलाल सिहाग, डालूराम शर्मा, मोहनलाल बेनीवाल, कृष्णचंद्र पुनियां, भगवानाराम प्रजापत, पूर्णाराम प्रजापत सहित अनेक ग्रामवासी उपस्थित रहे ।

एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ