Type Here to Get Search Results !

श्योपुर बालाजी धाम में शरद पूर्णिमा महोत्सव, भजन संध्या में झूमे श्रद्धालु, बालाजी महाराज के लगाए धोक




चूरू, । जिला मुख्यालय के निकटवर्ती गांव श्योपुरा स्थित श्री सिद्ध पीठ बालाजी धाम में शरद पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत रोशनी से सजाया गया। मंदिर में महाआरती, विशाल भंडारे और रात्रि जागरण का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बालाजी महाराज के दर्शन कर धोक लगाई। मंदिर के महंत हरिचरण पुजारी ने अखंड ज्योत प्रज्वलित कर रात्रि जागरण का शुभारंभ किया। भजन गायकों ने गणेश वंदना के साथ भजनों की प्रस्तुतियां दीं। ‘म्हारा भरया भंडारा रसी हो राम’, ‘मेरी विनती सुनो हनुमा’, ‘पवन का प्यार अंजनी के लाल दुलारा’, ‘ओ छम-छम नाचे देखो वीर हनुमान’ और ‘लाल लंगोटा थारे हाथ में गोटा’ जैसे भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर हो गए। भजनों की स्वर लहरियों से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। मंदिर के पुजारी प्रमोद पीपलवा ने बताया कि जागरण से पूर्व महाआरती की गई तथा श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। रात्रि जागरण में रतनगढ़, चूरू, देपालसर और फतेहपुर सहित विभिन्न स्थानों से आए भजन गायकों ने भक्ति गीतों की प्रस्तुतियां दीं। लीलाधर कथक सहित अन्य कलाकारों ने भजनों से श्रद्धालुओं को देर रात तक भक्ति रस में सराबोर रखा।
इस अवसर पर बीरबल पुजारी, मयंक पुजारी, महावीर प्रसाद पुजारी, कमल शर्मा, दीनदयाल, तेजकरण, विष्णु भाटी, रामलाल जाट, कैलाश चंद्र नवहाल तथा श्याम मंदिर के पुजारी भोलाराम काछवाल सहित अनेक श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं ने सहभागिता निभाई।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ